चालान की कॉपी देने के नाम पर पैसे लेते आरक्षक का वीडियो वायरल, एसपी ने किया लाइन अटैच
महासमुंद : जिले के सांकरा थाना में पदस्थ एक आरक्षक का कथित रूप से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरक्षक चालान की कॉपी उपलब्ध कराने के बदले ढाई हजार रुपये की मांग करते और पैसे लेते हुए नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, चालान की कॉपी उपलब्ध कराने के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं है और इसे निशुल्क देने का प्रावधान है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।