कटहल के नीचे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, 62 लाख से अधिक क... - CG Sandesh

कटहल के नीचे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, 62 लाख से अधिक का माल जब्त, दो गिरफ्तार

महासमुंद : जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में रखे कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार बोरियों से गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस ने गांजा के साथ पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 70 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र कुमार गौतम और लवकुश गौतम, निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



अन्य सम्बंधित खबरें