खाद माफियाओं पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3943 बोरी खाद जब्त
जांजगीर-चांपा : जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3943 बोरी खाद जब्त की है। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
रिकॉर्ड और स्टॉक में मिली भारी गड़बड़ी
जांच के दौरान कई गोदामों में रिकॉर्ड, उपलब्ध स्टॉक और पॉस मशीन के आंकड़ों में भारी अंतर पाया गया। अनियमितता सामने आने पर विभाग ने संबंधित गोदामों को सील कर उनके विक्रय कार्य पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया।
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
कृषि विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के खाद कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली खाद की कालाबाजारी या अनियमित वितरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा विभाग की प्राथमिकता है। जहां भी खाद की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलेगी, वहां तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।