शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश काउंसलिंग 11 जून से शुरू
शासकीय पॉलीटेक्निक महासमुंद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 11 जून 2026 से प्रारंभ होगी। संस्था में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक शाखा में 30-30 सीटों पर प्री-पॉलीटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक ने बताया कि प्रवेश काउंसलिंग की प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के लिए पंजीयन 11 जून, द्वितीय चरण के लिए 26 जून तथा तृतीय चरण के लिए 11 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। पीपीटी परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर की वेबसाइट cgdte.admissions.nic.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर संस्थान एवं शाखा का विकल्प भर सकते हैं। मेरिट के आधार पर सीट आबंटन के पश्चात अभ्यर्थी प्रथम चरण में 20 जून से, द्वितीय चरण में 4 जुलाई से तथा तृतीय चरण में 18 जुलाई 2026 से संबंधित संस्था में प्रवेश ले सकेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए काउंसिलिंग फॉर्म का प्रिंट आउट, सीट आबंटन पत्र, कक्षा 10वीं की अंकसूची, पीपीटी स्कोर कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए प्रवेश अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत कराल, व्याख्याता (अंग्रेजी) से मोबाइल नंबर 7999020679 पर संपर्क किया जा सकता है।