विद्याचरण शुक्ल चौक की बदहाली पर कांग्रेस का विरोध, नेताओं न... - CG Sandesh

विद्याचरण शुक्ल चौक की बदहाली पर कांग्रेस का विरोध, नेताओं ने खुद की सफाई और रंगाई-पुताई

रायपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल की पुण्यतिथि से पहले राजधानी रायपुर में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने शहीद विद्याचरण शुक्ल चौक की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चौक पहुंचकर प्रतिमा की सफाई, रंग-रोगन और मरम्मत का कार्य किया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौक परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान विद्याचरण शुक्ल की प्रतिमा को साफ किया गया, चौक की पुताई कराई गई तथा झीरम घाटी हमले में शहीद नेताओं की स्मृति में बने चबूतरे का भी रंग-रोगन किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने चौक परिसर की दीवारों पर लिखे गए नारों और अन्य लिखावटों को भी पुतवाया। साथ ही विद्याचरण शुक्ल के नाम वाली पट्टिका पर लगाए गए तिरंगे को लेकर भी सवाल उठाए गए।

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से चौक के रखरखाव की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते शहीदों की स्मृति से जुड़ा यह महत्वपूर्ण स्थल बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। नेताओं का कहना है कि यदि समय पर देखरेख की जाती तो कार्यकर्ताओं को स्वयं सफाई और रंगाई-पुताई का जिम्मा नहीं उठाना पड़ता।

कांग्रेस ने इसे झीरम घाटी हमले में शहीद हुए नेताओं के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए सरकार और प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा या चौक का मामला नहीं, बल्कि शहीदों की स्मृतियों और उनके सम्मान का प्रश्न है।

11 जून को विद्याचरण शुक्ल की पुण्यतिथि पर कांग्रेस श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करेगी। हालांकि उससे पहले चौक की बदहाली को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें