खाद और डीजल की मांग को लेकर किसानों का धरना, एसडीएम के आश्वा... - CG Sandesh

खाद और डीजल की मांग को लेकर किसानों का धरना, एसडीएम के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

सारंगढ़ : रासायनिक खाद की पर्याप्त उपलब्धता और कृषि कार्य के लिए किसानों को डिब्बे में डीजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंचलिक किसान संघ सरिया के बैनर तले किसानों ने बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। किसानों की मांगों को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद एसडीएम डॉ. वर्षा बंसल मौके पर पहुंचीं और किसानों से चर्चा की। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के तहसील मुख्यालय सरिया में किसानों ने यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता बढ़ाने तथा पेट्रोल पंपों से कृषि कार्य के लिए डिब्बों में डीजल देने की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शन दोपहर 12 बजे शुरू हुआ और शाम करीब 4 बजे तक जारी रहा।

धरना स्थल पर पहुंचीं एसडीएम डॉ. वर्षा बंसल ने किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को खाद वितरण की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। किसानों ने मांग की थी कि उन्हें प्रति किसान दो बोरा यूरिया और दो बोरा डीएपी खाद उपलब्ध कराया जाए। इस पर प्रशासन की ओर से किसानों को दो बोरा यूरिया और एक बोरा डीएपी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया।

इसके साथ ही किसानों ने कृषि कार्य में उपयोग होने वाले ट्रैक्टरों के लिए पेट्रोल पंपों से डिब्बों में डीजल देने की मांग भी उठाई। किसानों का कहना था कि कई गांवों से ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होता है। इस समस्या को देखते हुए एसडीएम ने कलेक्टर से चर्चा कर उचित व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया।

आंचलिक किसान संघ के अध्यक्ष मोहन पटेल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा गया है और आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त कर दिया गया है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे फिर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।

किसानों का कहना है कि खेती के सीजन में खाद और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें