13 साल की सृष्टि ने रचा इतिहास, दुनिया की नंबर-1 अंडर-13 टेनिस खिलाड़ी बनीं
बेंगलुरु : भारत की युवा टेनिस खिलाड़ी सृष्टि किरण ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-13 वर्ग में विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया है। महज 13 वर्ष की उम्र में सृष्टि ने लगातार शानदार प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया है।
सृष्टि किरण ने लगातार पांच आईटीएफ जूनियर खिताब अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उन्होंने आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस टूर जूनियर्स जे-100 ग्वाटेमाला प्रतियोगिता में उपविजेता रहकर भी महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए। इन शानदार प्रदर्शनों के दम पर उन्होंने विश्व अंडर-13 खिलाड़ियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
सृष्टि ने आईटीएफ जूनियर रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 357वीं रैंक प्राप्त की है, जो वर्तमान में अंडर-13 आयु वर्ग के खिलाड़ियों में विश्व की सर्वोच्च रैंकिंग है। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि केवल आठ रैंकिंग टूर्नामेंट खेलकर हासिल की है, जबकि रैंकिंग के लिए अधिकतम 10 प्रतियोगिताओं के परिणाम जोड़े जाते हैं।
कम उम्र में मिली इस सफलता ने भारतीय टेनिस जगत को नई उम्मीद दी है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सृष्टि इसी तरह प्रदर्शन करती रहीं तो आने वाले वर्षों में वह अंतरराष्ट्रीय टेनिस में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
सृष्टि किरण की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और टेनिस जगत में खुशी का माहौल है तथा उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।