बसना : नारायणपुर में आंधी-तूफान से दीवार गिरने से मलबे में दबे व्यक्ति की मौत
क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के समीप स्थित रसोई घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 43 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन मलबा से निकालकर उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गणेशपुर निवासी जयलाल बेटकार पिता अगनू बेटकार उम्र 43 साल जाति संवरा, पिछले लगभग पांच वर्षों से अपने ससुराल ग्राम नारायणपुर में घर-जंवाई के रूप में रह रहा था। वह अक्सर अपने पैतृक गांव गणेशपुर और ससुराल नारायणपुर के बीच आना-जाना करता था। बताया जाता है कि बुधवार शाम करीब 6:30 बजे क्षेत्र में अचानक तेज आंधी, तूफान और बारिश शुरू हो गई। जयलाल बेटकार के लेंटर वाले मकान से कुछ ही दूरी पर एक झोपड़ीनुमा रसोई घर बना हुआ था, जिसमें एक खाट रखी हुई थी।
बारिश और तेज हवा शुरू होने पर वह रसोई घर में रखी खाट को सुरक्षित स्थान पर लाने के लिए वहां गया था। इसी दौरान तेज हवाओं के दबाव से झोपड़ीनुमा रसोई घर की छत और दीवार पर अत्यधिक दबाव बना, जिससे रसोई घर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का भारी मलबा जयलाल बेटकार के ऊपर आ गिरा और वह उसके नीचे दब गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला तथा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी और चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जयलाल बेटकार की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा सांकरा थाना में दी गई। पुलिस परिजनों के रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली व्यवस्था बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं। कई गांवों में देर शाम तक बिजली बंद रहने से अंधेरा पसरा रहा। प्राकृतिक आपदा से हुई इस दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।