बसना : पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, 7 दिन का अल्ट... - CG Sandesh

बसना : पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, 7 दिन का अल्टीमेटम

  • पानी की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने सभापति प्रकाश सिन्हा को सौंपा ज्ञापन
  • जल संकट से बेहाल तीन गांव, समाधान नहीं तो बसना-पदमपुर मार्ग होगा जाम

बसना। जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पलसापली (अ), परगला एवं कलकसा के ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही गंभीर पेयजल एवं निस्तारी जल समस्या के निराकरण की मांग को लेकर क्षेत्र के जनपद सदस्य एवं सभापति प्रकाश सिन्हा को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से तीनों गांवों में पेयजल एवं निस्तारी जल का गंभीर संकट बना हुआ है। गांवों के हैंडपंप, नल-जल योजना एवं अन्य जल स्रोत पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, जिसके कारण महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों सहित आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पशुधन के लिए भी पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि समस्या के समाधान हेतु वे पूर्व में सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न स्तरों पर कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लगातार उपेक्षा के कारण ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश एवं निराशा का माहौल है।

ग्रामीणों ने सिन्हा से मांग की है कि वे संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र बैठक आयोजित कराएं तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या के समाधान हेतु कोई ठोस पहल नहीं की जाती है, तो ग्रामीण अपने संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर बसना-पदमपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करने के लिए भी बाध्य होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त परिस्थितियों की जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।

इस संबंध में सभापति प्रकाश सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल संकट कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि यह वर्षों पुरानी समस्या है, जिस पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत की निधि सीमित होने के कारण कई आवश्यक विकास कार्य प्रभावित होते हैं, फिर भी वे इस गंभीर जनसमस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

सिन्हा ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक पहल करेंगे तथा क्षेत्र की जनता को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें