CG : रील बनाने को लेकर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट, मह... - CG Sandesh

CG : रील बनाने को लेकर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट, महिलाएं घायल, सुअर लेकर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता

रायपुर। राजधानी रायपुर के काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। घटना में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार रात तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर पड़ोसी परिवारों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई। शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों का उपचार कराया गया है।
इधर, घटना के विरोध में बुधवार रात को बजरंग दल के कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती में पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी। इस दौरान धार्मिक पाठ का आयोजन भी किया गया।
पुलिस ने संबंधित पक्षों की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

जानिए डिटेल में

पुलिस के अनुसार ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का गमला रखा हुआ है। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे।

बच्चे गमले को पकड़कर हिला रहे थे, जिसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। परमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से मना करते हुए तुलसी के पौधे का सम्मान करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद फिरदोस बेगम और उनकी बहन सलतनत बेगम घर से बाहर आ गईं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया। शिकायत के अनुसार, सलतनत बेगम डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और परमिला सेन के साथ मारपीट की।

वहीं, फिरदोस बेगम और मेहताब खान ने भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

विवाद बढ़ता देख पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं। आरोप है कि सलतनत बेगम ने डंडे से उनके सिर और नाक पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।

सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए माहौल शांत कराया। पुलिस का कहना है कि रील बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, कार्रवाई की जा रही है।






author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें