प्रो. (डॉ.) अनुसूइया अग्रवाल डी.लिट् भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य नामित
जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के जल संसाधन नदी विकास, गंगा संरक्षण विभाग से जारी फा.सं.ई.- 11016/1/2024 हिंदी, श्रम शक्ति भवन नई दिल्ली दिनांक 29 मई 2026 के कार्यालय विज्ञापन के अनुसार प्रो. (डॉ.) अनुसूइया अग्रवाल डी.लिट् प्राचार्य स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद को पुनर्गठित हिंदी सलाहकार समिति में सदस्य मनोनींत किया गया है।
'भारत का राजपत्र' असाधारण भाग-1, खंड-1 प्राधिकार से प्रकाशित जल शक्ति मंत्रालय की शुद्धि पत्र में यह संकल्प संख्या प्रकाशित की गई है।
तदनुसार भारत सरकार जल शक्ति मंत्रालय द्वारा गठित हिंदी सलाहकार समिति में अध्यक्ष जलशक्ति मंत्री माननीय सी.आर. पाटिल जी, उपाध्यक्ष जलशक्ति राज्य मंत्री माननीय वी. सोमन्ना, गैर सरकारी सदस्य, संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा नामित लोकसभा के दो सांसद शंकर लालवानी जी एवं कृपानाथ मल्लाह जी, राज्यसभा से दो सांसद, संसदीय राजभाषा समिति द्वारा नामित दो सांसद, केंद्रीय सचिवालय हिंदी परिषद एवं अखिल भारतीय हिंदी संस्थाओं के प्रतिनिधि को सदस्य मनोनींत किया गया है।
इसी क्रम में मंत्रालय द्वारा नामित गैर सरकारी सदस्य के रूप में राष्ट्रीय स्तर के चार महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्राध्यापक को शामिल किया गया है जिसमें जिले के एकमात्र स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय महासमुंद की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुसूइया अग्रवाल डी-लिट को सदस्य नामित किया गया है।
इसके अतिरिक्त राजभाषा विभाग द्वारा, सरकारी सदस्य अनेक विभागों के अवर सचिव, संयुक्त सचिव अध्यक्ष, निदेशक, महानिदेशक आदि को भी शामिल करते हुए 38 विशिष्ट व्यक्तियों की यह समिति बनाई गयी है।
विदित हो कि यह समिति सरकारी प्रयोजनों के लिए हिंदी के प्रगामी प्रयोग और संबद्ध मामलों पर जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निरंतर सलाह देगी तदनुसार विभाग अपनी कार्य को अंजाम देगा।
इस समिति का कार्यकाल 03 वर्ष अथवा पद पर बने रहने तक का होगा यह भी विदित हो कि समिति का मुख्यालय नई दिल्ली में होगा परंतु दिल्ली के बाहर भी बैठक आयोजित की जा सकती है। उल्लेखनीय और विशेष बात यह है कि इस संकल्प को जन साधारण की जानकारी के लिए राजपत्र में प्रकाशित किया गया है।
ज्ञात हो कि डॉ. अनुसूइया छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के सर्वोच्च समिति विद्या परिषद एवं कार्य परिषद में भी माननीय कुलपति के द्वारा नामित सदस्य हैं।
डॉ. अनुसूइया के नामित होने पर जिले के शिक्षाविदों, साहित्यकारों, गणमान्य नागरिकों, शुभचिंतकों, महाविद्यालय स्टाफ एवं परिवार के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दिया है।