CG : 16 जून से नहीं खुलेंगे स्कूल ? जानिए क्या है वायरल आदेश की सच्चाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा आदेश फर्जी पाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही संचालित होंगे।
दरअसल, लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी आदेश के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित आदेश तेजी से वायरल हुआ, जिसमें भीषण गर्मी का हवाला देते हुए स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने की बात कही गई थी। यह आदेश डीपीआई के मूल पत्र की तर्ज पर तैयार किया गया था, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई।
स्कूल शिक्षा विभाग ने वायरल दस्तावेज को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा है कि स्कूल संचालन की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विभाग की ओर से सभी संयुक्त संचालकों (जेडी) और जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारी से सावधान रहें।