CG : प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान, राज्यगीत और भोजन ... - CG Sandesh

CG : प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रगान, राज्यगीत और भोजन मंत्र होंगे अनिवार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभावना और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इस दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश की सभी शालाओं के लिए नए निर्देश जारी किए हैं. निर्देशों के तहत सभी स्कूलों में सुबह राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राज्यगीत के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित और अनिवार्य रूप से आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा.

मंत्रालय, महानदी भवन (नवा रायपुर) से जारी इस आदेश के तहत, सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEOs) को अपने-अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. विभाग की गाइडलाइंस के अनुसार अब स्कूलों में रोजाना तीन अलग-अलग समय पर तय क्रम में गतिविधियां होंगी. सुबह के सेशन में स्कूल शुरू होने के तुरंत बाद मॉर्निंग असेंबली में एक तय क्रम में कुछ खास चीजें करना जरूरी होगा. राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र और महान हस्तियों के जीवन के बारे में पढ़ना. इसी तरह, दोपहर के खाने के समय, छात्र मिलकर भोजन मंत्र (खाने की प्रार्थना) का पाठ करेंगे. आखिर में स्कूल की छुट्टी के समय (शाम के सेशन में) राज्य गीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक पाठ किया जाएगा.

सरकार का आदेश

स्कूल शिक्षा विभाग का मानना ​​है कि इन गतिविधियों के नियमित और प्रभावी आयोजन से न केवल छात्रों में देशभक्ति और अनुशासन की भावना मजबूत होगी, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का भी उचित विकास होगा. यह पहल छात्रों को भारतीय परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों से परिचित कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी.

उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया है कि सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों का रोजाना औचक निरीक्षण करना होगा और यह पक्का करना होगा कि इन नियमों का सख्ती से पालन हो. अगर कोई उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन या प्रिंसिपल के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है.



अन्य सम्बंधित खबरें