पेयजल समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा - CG Sandesh

पेयजल समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा

  • कलेक्टर ने पीएचई अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

बसना। जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पलसापली (अ), परगला एवं कलकसा में व्याप्त गंभीर पेयजल एवं निस्तारी जल समस्या को लेकर क्षेत्र के जनपद सदस्य एवं सभापति प्रकाश सिन्हा ने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से मुलाकात कर ग्रामीणों का ज्ञापन सौंपा तथा समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की।

उल्लेखनीय है कि उक्त गांवों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं पशुपालकों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी कई बार संबंधित विभागों एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त होने के बाद प्रकाश सिन्हा ने सक्रियता दिखाते हुए दूसरे ही दिन महासमुंद पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात की और ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त जल संकट की गंभीरता से अवगत कराते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए तथा क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

प्रकाश सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कलेक्टर से हुई सकारात्मक चर्चा के बाद ग्रामीणों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

वहीं ग्राम पलसापली (अ), परगला एवं कलकसा के ग्रामीणों ने अपनी समस्या को गंभीरता से उठाकर प्रशासन तक पहुंचाने तथा त्वरित पहल करने के लिए सभापति प्रकाश सिन्हा की सक्रियता एवं जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की है।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें