शादी का झांसा देकर शोषण और दहेज प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
जांजगीर-चांपा : जिले के ग्राम गोविंदा की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शोषण एवं दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि विजय पटेल ने शादी का झांसा देकर करीब चार वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पुलिस कार्रवाई के डर से 29 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया गया। पीड़िता का कहना है कि शादी के दूसरे दिन से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
शिकायत में महिला ने बताया कि उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। उसने जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, पिछले एक महीने में उसे कई बार घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके लौटने को मजबूर हुई।
मामले में महिला थाना प्रभारी सिलेमानी टोप्पो ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। काउंसलिंग और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।