तनोद का कांजी नाला स्टॉप डेम पहली बारिश में सवालों के घेरे म... - CG Sandesh

तनोद का कांजी नाला स्टॉप डेम पहली बारिश में सवालों के घेरे में, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

जांजगीर-चांपा : पामगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत तनोद में लाखों रुपये की लागत से निर्मित कांजी नाला स्टॉक डेम पहली ही बारिश में विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने डेम निर्माण में भारी अनियमितता और गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि किसानों को सिंचाई और जल संरक्षण का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए गए इस स्टॉक डेम में पहली बारिश के बाद ही दरारें दिखाई देने लगी हैं। कई स्थानों पर पानी का सीपेज भी हो रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों के अनुसार कंक्रीट के बीच बड़े-बड़े पत्थरों का उपयोग किया गया, जिससे डेम की मजबूती प्रभावित हुई। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप किया गया होता तो पहली ही बरसात में ऐसी स्थिति नहीं बनती।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान अनियमितताओं की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब जब डेम में दरारें और सीपेज की समस्या सामने आई है, तब ग्रामीण जनता के पैसों के उपयोग और निर्माण कार्य की निगरानी पर सवाल उठा रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

हालांकि मामले में संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक स्टॉक डेम का मामला नहीं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।



अन्य सम्बंधित खबरें