डायल 112 की तत्परता से सुरक्षित हुई प्रसूता और नवजात की जान,... - CG Sandesh

डायल 112 की तत्परता से सुरक्षित हुई प्रसूता और नवजात की जान, रास्ते में कराया गया प्रसव

जांजगीर-चांपा : जिले के पामगढ़ ब्लॉक में डायल 112 की तत्परता और सूझबूझ से एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की जान सुरक्षित बचाई गई। प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला का रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसके बाद जच्चा और बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम डूडगा निवासी 26 वर्षीय सेवती बाई को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाने के लिए रवाना हुई।

इसी दौरान ग्राम भदरा के पास महिला की स्थिति अधिक गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही एम्बुलेंस में प्रसव की स्थिति बन गई। ऐसे में डायल 112 की टीम ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई।

प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों को सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों के अनुसार मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

इस सराहनीय कार्य में डायल 112 के आरक्षक योगेश बंजारे और चालक कमलेश्वर खांडेकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह घटना तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने डायल 112 की टीम की तत्परता और मानवता की भावना की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।



अन्य सम्बंधित खबरें