किसान के केसीसी खाते से 1.75 लाख रुपये की साइबर ठगी, मामला दर्ज
बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां एक किसान के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खाते से 1 लाख 75 हजार रुपये से अधिक की राशि पार कर दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी नरेंद्र कुमार धृतलहरे का बैंक ऑफ बड़ौदा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खाता है। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 5 जून से 11 जून के बीच अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर उनके खाते से कुल 1 लाख 75 हजार 503 रुपये 55 पैसे निकाल लिए।
जब नरेंद्र कुमार ने अपने खाते का बैंक स्टेटमेंट जांचा तो उन्हें ठगी की जानकारी मिली। खाते में केवल 44 हजार 312 रुपये शेष पाए गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक प्रबंधन से संपर्क कर खाते को होल्ड कराया और मामले की शिकायत मल्हार चौकी में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर ठगी के इस मामले की जांच कर रही है और लेन-देन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंकिंग और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बैंक और पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।