CG : स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों को माना गंभीर, समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ की प्रांतीय टीम ने स्वास्थ्य मंत्री से सौजन्य भेंट कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों, विशेष रूप से वेतन संशोधन एवं पदनाम संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जी ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल चर्चा की तथा निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही पदनाम संबंधी विषय पर भी शीघ्र निर्णय लेने हेतु विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
चर्चा के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद हुआ। मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की जायज मांगों के निराकरण हेतु विभाग स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मांगों के पूर्ण होने की स्थिति में एक भव्य सम्मेलन आयोजित किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। बैठक अत्यंत सकारात्मक, सार्थक एवं परिणामोन्मुख रही।
इस अवसर पर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता श्री सुरेश पटेल द्वारा लिखित पुस्तक माननीय मंत्री जी को भेंट की गई। पुस्तक प्राप्त कर मंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा इसकी सराहना करते हुए एक प्रति अपने व्यक्तिगत अध्ययन हेतु सुरक्षित रखवाई। साथ ही पुस्तक का विमोचन भी किया गया और इसके अध्ययन की बात कही।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष टारजन गुप्ता, उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल, प्रांत सचिव प्रवीण डीडवांशी, प्रांतीय प्रवक्ता सुरेश पटेल, प्रांतीय आईटी सेल प्रभारी संत साहू एवं कोषाध्यक्ष श्री आर. के. शर्मा उपस्थित रहे।
प्रांतीय टीम ने माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय प्राप्त होंगे।