सरायपाली : पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला सिंघोड़ा के दस दिवस... - CG Sandesh

सरायपाली : पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला सिंघोड़ा के दस दिवसीय समर कैंप का रंगारंग समापन

बच्चों ने दिखाई बहुमुखी प्रतिभा

पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला सिंघोड़ा में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप 2026 का समापन समारोह उत्साह, उमंग एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हर्षाेल्लास के साथ आज 14 जून को संपन्न हुआ। समर कैंप का शुभारंभ 5 जून से प्रारंभ हुआ था, जिसका आज अंतिम दिवस पर पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं कौशल आधारित गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। बच्चों ने पूरे दस दिनों तक सीखने, खेलने और अपनी प्रतिभा को निखारने का भरपूर अवसर प्राप्त किया।

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के लिए कबड्डी, खो-खो, दौड़ प्रतियोगिता, म्यूजिकल चेयर, बोरा दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, गेंद संतुलन, योग एवं व्यायाम, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, चित्रकला, रंग भराई, हस्तकला निर्माण, कहानी वाचन, भाषण, गीत-संगीत, नृत्य, समूह खेल एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, खेल प्रतिभा और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में देवानंद पटेल (बीआरसी), सोमदेव तिवारी (पीएम श्री झिलमिला), शांति दास (पंच, सिंघोड़ा), सच्चिदानंद भोई (संकुल समन्वयक, सिंघोड़ा), जनक राम भोई (एसएमसी अध्यक्ष, पीएम श्री सिंघोड़ा), शांति दास, चंद्रकला भोई (पंच, सिंघोड़ा), प्रदीप छत्रे प्रधान पाठक पलसाभाडी, अजय आर्य शिक्षक चिवराकुटा, बालकृष्ण आर्य संगीत शिक्षक झिलमिला, सहित ग्राम पंचायत के पंचगण, समाज के प्रबुद्धजन, अभिभावक एवं शिक्षण स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकनृत्य, समूह गीत एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रधान पाठक ने जताया आभार

अंत में प्रधान पाठक पूर्णिमा नाग ने समर कैंप की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। 

उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के शिविर अत्यंत आवश्यक हैं, जो उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच एवं सहयोग की भावना विकसित करते हैं। शिक्षकों ने पूरे दस दिनों तक समर्पण और उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया, बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा अनुशासन और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई। 

विद्यालय स्टाफ के सहयोग से कैंप की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकीं। विद्यालय परिवार ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के निरंतर सहयोग, मेहनत और प्रतिबद्धता के कारण ही यह समर कैंप सफल एवं यादगार बन पाया। 

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के शिक्षकों द्वारा किया गया। उत्साह, उमंग और नई सीख के साथ संपन्न हुआ यह दस दिवसीय समर कैंप बच्चों के लिए यादगार बन गया। शिविर ने विद्यार्थियों को सीखने, खेलने, सृजन करने तथा अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया, जिसकी मधुर स्मृतियां लंबे समय तक उनके मन में बनी रहेंगी। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें