महासमुंद पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 86 लीटर ... - CG Sandesh

महासमुंद पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 86 लीटर से अधिक शराब और 3 बाइक जब्त

महासमुंद : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स (ANTF) और विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 अलग-अलग प्रकरणों में 86 लीटर 490 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 हजार 774 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में उपयोग की जा रही 3 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडीही और बनडबरी में कार्रवाई करते हुए विष्णु सिदार, सुरेन्द्र जगत और सोनू चौहान को गिरफ्तार किया गया। वहीं सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के राफेल चौक, एनएच-53 पर राहुल नंद और आदित्य तांडी को 25 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया।

इसके अलावा तेंदुकोना थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीखार में टकेश्वर यादव और बीसे लाल कुर्रे को अवैध देसी और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

महासमुंद पुलिस ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अब तक जिले में 670 प्रकरण दर्ज कर 758 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान करीब 24 लाख 6 हजार रुपये मूल्य की 8605 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें