तिलक और पुष्प भेंट के साथ नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत, उत्सा... - CG Sandesh

तिलक और पुष्प भेंट के साथ नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत, उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

रायगढ़ : नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर जिलेभर में 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर और आत्मीय स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। रायगढ़ के शासकीय नटवर अंग्रेजी मीडियम स्कूल में भी उत्साहपूर्ण माहौल के बीच नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य दिनेश अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग ने शाला प्रवेश उत्सव की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। 16 जून से 27 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करना, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाना और शाला त्यागी बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उत्सव से पहले जिले के सभी विद्यालयों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। साथ ही विद्यालय परिसर को आकर्षक और शिक्षण-अनुकूल बनाते हुए प्रिंट-रिच वातावरण तैयार किया गया, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।



अन्य सम्बंधित खबरें