बसना : 4.48 करोड़ के नालंदा परिसर निर्माण की गुणवत्ता पर उठे... - CG Sandesh

बसना : 4.48 करोड़ के नालंदा परिसर निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, पार्षद ने मांगी उच्च स्तरीय तकनीकी जांच

क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण देने के उद्देश्य से नगर पंचायत बसना में 4.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 250 सीटर हाईटेक नालंदा परिसर को शिक्षा क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। 

युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना के बीच अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद मनोज गहेरवाल ने निर्माण में कथित अनियमितता और मानकों की अनदेखी की आशंका जताते हुए कलेक्टर महासमुंद एवं संबंधित विभाग को पत्र भेजकर उच्च स्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है। 

पार्षद द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि निर्माण स्थल के निरीक्षण के दौरान नींव फुटिंग निर्माण, उपयोग किए जा रहे कंक्रीट तथा लगाए जा रहे सरियों के संबंध में निर्धारित तकनीकी मापदंडों के पालन को लेकर संदेह की स्थिति बनी है। 

उनका कहना है कि इतने महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक उपयोग वाले भवन में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता भविष्य में गंभीर परिणाम दे सकता है। पार्षद मनोज गहेरवाल ने कहा कि किसी भी भवन की वास्तविक मजबूती उसकी नींव और फुटिंग पर निर्भर करती है। यदि शुरुआती चरण में ही निर्माण कमजोर किया जाता है तो पूरी परियोजना की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने मांग की है कि फुटिंग का वास्तविक माप, सरियों की स्थिति, कंक्रीट की गुणवत्ता तथा स्वीकृत ड्राइंग, स्ट्रक्चरल डिजाइन और प्राक्कलन के अनुसार पूरे निर्माण कार्य का स्वतंत्र तकनीकी सत्यापन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। 

उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर केवल एक भवन नहीं बल्कि बसना के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़ी परियोजना है। इसलिए इसका निर्माण पूरी पारदर्शिता, मजबूती और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसका दीर्घकाल तक लाभ उठा सकें।


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें