बसना : ज्ञान, सम्मान और अपनत्व के साथ बेटियों ने रखा नए सत्र... - CG Sandesh

बसना : ज्ञान, सम्मान और अपनत्व के साथ बेटियों ने रखा नए सत्र में पहला कदम, शाला प्रवेश उत्सव बना यादगार

बसना विकासखंड में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह, उल्लास और शिक्षा के प्रति नए संकल्प के साथ हुई। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बंसुला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि बेटियों के सपनों, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का साक्षी बना। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बंसुला के सरपंच नवीन कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष कौशल चौहान ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समिति के उपाध्यक्ष ईश्वर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका गीतांजलि नाग रहीं। 

इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। विद्यालय में नए शिक्षा सत्र के लिए कक्षा छठवीं में चयनित 30 नवप्रवेशी बालिकाओं का अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर, फूलों की माला पहना कर, मिठाई खिलाकर तथा पाठ्यपुस्तक देकर आत्मीय स्वागत किया गया। 

स्वागत के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया और छात्राओं तथा अभिभावकों के चेहरों पर नए सफर की उम्मीद साफ झलकती रही। शाला प्रवेश उत्सव के उपरांत विद्यालय में नए शिक्षा सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नवीन कुमार साहू ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। 

उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। वही अधीक्षिका गीतांजलि नाग ने विद्यालय की उपलब्धियों और शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां अर्जित करना नहीं, बल्कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर, संस्कारित और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनाना है, ताकि हर बेटी अपने सपनों को नई उड़ान दे सके। 

कार्यक्रम को और अधिक यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षिका सरिता कुमार सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में किरण मलिक, संतोषी साहू, राम साहू सहित समस्त विद्यालय परिवार का सहयोग सराहनीय रहा।


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें