रायगढ़ में सघन कुष्ठ खोज अभियान की शुरुआत, 15 जुलाई तक घर-घर होगी स्वास्थ्य जांच
रायगढ़ : जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक विशेष सघन कुष्ठ खोज अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित टीमें जिले के सभी विकासखंडों में घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी और संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और मितानिनें प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों की जांच करेंगी। सर्वे की जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएगी और संदिग्ध मामलों का पंजीयन ‘निक्षय-कुष्ठ 2.0’ पोर्टल पर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शरीर पर सफेद या तांबे रंग के दाग, दाग वाले हिस्से में सुन्नपन, नसों में दर्द या मोटापन, हाथ-पैरों में झुनझुनाहट तथा चेहरे या कान में असामान्य परिवर्तन कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हैं। समय पर जांच और उपचार से विकलांगता को रोका जा सकता है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा ने बताया कि जिले में कुष्ठ प्रसार दर 3.78 है, जिसे निर्धारित मानक एक से कम लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने लोगों से सर्वे दल का सहयोग करने और परिवार के सभी सदस्यों की जांच कराने की अपील की।