CG : निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष रिकॉर्ड अपडेट अभियान शुरू, 30 जून तक कराएं आधार सत्यापन
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शिता बढ़ाने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत सभी पंजीकृत श्रमिकों के रिकॉर्ड का सत्यापन और अद्यतन किया जाएगा।
इस विशेष अभियान को 30 जून 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक श्रमायुक्त घनश्याम पाणिग्रही ने बताया कि जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचना होगा। वहां पहचान सत्यापन के बाद पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेट मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सत्यापन के दौरान श्रमिकों के नाम, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर सहित अन्य विवरणों को आधार कार्ड के अनुरूप अपडेट किया जाएगा। विभाग का कहना है कि इससे श्रमिकों का डाटाबेस अधिक सटीक और अद्यतन होगा, जिससे भविष्य में ई-केवाईसी और विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरण सुगम हो सकेगा।
संशोधन आवेदन के लिए आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति, सहमति पत्र, ई-साइन और मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य रहेगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान श्रमिक की लाइव फोटो भी ली जाएगी, ताकि वास्तविक पहचान सुनिश्चित की जा सके। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने पर एक विशिष्ट आवेदन क्रमांक जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से श्रमिक अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर रिकॉर्ड सत्यापन और संशोधन कराने की अपील की है।