CG : पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने दो बच्चों के साथ खाया जहर, 3 लोगों की मौत से गांव में फैली सनसनी
जांजगीर-चांपा। जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है, यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की लाश घर में मिली है, मृतकों में दो बच्चे और पिता शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि पिता ने दोनों बच्चों को जहर पिलाया फिर खुद जहर का सेवन कर जान दे दी। 3 लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। पूरा मामला नैला चौकी क्षेत्र की है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मृतक रमेश कुमार पटेल और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले वह मायके चली गई थी। मृतक रमेश के पिता बुधवार सुबह 8 बजे कटनाई गांव में धान कुटवाने के लिए आया था। उसे करीब करीब 11:30 बजे उसके बेटे और दोनों नाती की घर में मृत पड़े होने की सूचना मिली। तत्काल वह अपने बेटे के घर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर तीनों के शव को बरामद किया गया। मृतकों की पहचान मृतकों में रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष), आदर्श पटेल (3 वर्ष) और अभिनव पटेल (लगभग 2 वर्ष) के रूप में की गई। मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पत्नी से हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश कुमार पटेल अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था। इस दौरान पत्नी ने वापस से मना कर दिया, जिसके बाद रमेश अकेला घर लौट आया था।
मौके पर पहुंची CSP खापर्डे
घटना की सूचना पर चौकी नैला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर मर्ग कायम किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं। CSP खापर्डे ने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को हर पहलू पर जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की संजीदगी से जांच में जुटी हुई है।