बसना विधायक के पत्र पर भी प्रशासन मौन, आत्मानंद के प्राचार्य पर कार्रवाई का इंतजार।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, पिरदा में पदस्थ प्राचार्य तरुण पटेल के विरुद्ध एक शिकायत पत्र के माध्यम से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और शिक्षा सचिव से शिकायत की गई है। इस शिकायत में प्राचार्य पर विद्यालय को प्राप्त राशि के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए, स्कूल में शिक्षा के गिरते स्तर पर गहरी चिंता जताई गई है।
ग्राम पिरदा (ब्लॉक पिथौरा, जिला महासमुंद) निवासी इंदल बरिहा द्वारा दिनांक 10/11/2025 को स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) महासमुंद के समक्ष एक शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को 7 दिवस के भीतर जांच पूर्ण करने का आदेश दिया था।
इसके पश्चात, बीआरसीसी (BRCC) द्वारा दिनांक 01/12/2025 को जांच की गई, जिसमें प्राचार्य के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए गए और जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई। तत्पश्चात, जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पुनः भौतिक सत्यापन के लिए दिनांक 11/02/2026 को आदेश जारी किया गया। बीआरसीसी द्वारा दिनांक 11/05/2026 को किए गए इस भौतिक सत्यापन में भी प्राचार्य दोषी पाए गए, परंतु इसके बावजूद अब तक उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इस संबंध में बसना विधायक के द्वारा भी महासमुंद के माननीय कलेक्टर को पत्र लिखकर, दिनांक 21/12/2025 को उचित कार्रवाई करने हेतु आग्रह किया गया था।