रायगढ़ : तुलसी माला और तिलक पर रोक का विवाद, लिखित माफीनामे ... - CG Sandesh

रायगढ़ : तुलसी माला और तिलक पर रोक का विवाद, लिखित माफीनामे के बाद मामला शांत

रायगढ़ के लक्ष्मीपुर स्थित कार्मेल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छात्रा को तुलसी माला पहनने से रोकने के कथित मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

एबीवीपी का आरोप था कि विद्यालय में विद्यार्थियों को उनकी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े प्रतीकों, जैसे तुलसी माला पहनने, कलावा धारण करने और तिलक लगाने से रोका जा रहा है। संगठन का कहना है कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-25 के तहत प्रत्येक नागरिक को अपनी धार्मिक आस्था का पालन करने और उसका शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में विद्यार्थियों को धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के उपयोग से रोकना उनकी भावनाओं को आहत करने वाला कदम है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल और जिला प्रशासन ने उन्हें बाहर ही रोक दिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर सितारा ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किसी भी छात्रा के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक द्वारा छात्रा को केवल स्वास्थ्य संबंधी आशंका के चलते समझाइश दी गई थी, ताकि गले में किसी प्रकार का संक्रमण या निशान न हो।

घंटों चली चर्चा और बातचीत के बाद स्कूल प्रबंधन ने लिखित माफीनामा जारी किया। माफीनामे में कहा गया कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को तिलक लगाने, रक्षा सूत्र धारण करने अथवा तुलसी माला पहनने से मना किया गया था, लेकिन भविष्य में इस प्रकार की कोई रोक नहीं लगाई जाएगी। प्रबंधन ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए क्षमा मांगी और आश्वासन दिया कि आगे ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होगी। लिखित आश्वासन मिलने के बाद एबीवीपी ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया, जिसके साथ ही पूरा मामला शांत हो गया।



अन्य सम्बंधित खबरें