खरीफ सीजन में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अनियमितता मिलने प... - CG Sandesh

खरीफ सीजन में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर उर्वरक गोदाम सील, 213 बोरी खाद जब्त

जांजगीर-चांपा : जिले में उर्वरक भंडारण में अनियमितताओं को लेकर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड पामगढ़ के खरौद स्थित मेसर्स विकास ट्रेडर्स के उर्वरक गोदाम को सील कर दिया है। कार्रवाई के दौरान 213 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में गठित संयुक्त निरीक्षण दल ने 17 जून को औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पावर मशीन में दर्ज स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक उर्वरकों के बीच भारी अंतर पाया गया। इसके अलावा मूल्य सूची, वैध लाइसेंस और निर्धारित दर से संबंधित सूचना बोर्ड भी मौके पर प्रदर्शित नहीं मिले।

निरीक्षण के दौरान सिंगल सुपर फॉस्फेट, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट, एनपीके और यूरिया समेत कुल 213 बोरी उर्वरक जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया।

इसी क्रम में राहौद स्थित गायत्री कृषि सेवा केंद्र में भी अनियमितता सामने आई। यहां बिना स्रोत प्रमाण पत्र के बीजों की बिक्री किए जाने का मामला सामने आने पर विभाग ने 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उचित दर पर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि उर्वरक और बीज भंडारण तथा बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें