सुशासन तिहार बना भरोसे का मंच, बसना जनपद में 2591 आवेदनों का... - CG Sandesh

सुशासन तिहार बना भरोसे का मंच, बसना जनपद में 2591 आवेदनों का हुआ निराकरण

ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाकर त्वरित समाधान देने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार बसना जनपद पंचायत क्षेत्र में असरदार साबित हो रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की पहल के तहत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी मांगों और शिकायतों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। 

जनपद पंचायत बसना क्षेत्र में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को कुल 2728 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 2712 मांग संबंधी और 16 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्रशासन द्वारा अब तक 2587 मांग आवेदन तथा 4 शिकायत आवेदन, कुल 2591 आवेदनों का निराकरण कर दिया गया है, जबकि 141 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन हैं।सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने सबसे अधिक रुचि मूलभूत सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं में दिखाई। 

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए 460 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 53 आवेदनों को स्वीकृति दी जा चुकी है। शेष आवेदनों का परीक्षण जारी है। वहीं राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए कुल 332 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 91 नवीन राशन कार्ड, 128 नाम जोड़ने, 23 नाम सुधार, 36 एपीएल से बीपीएल परिवर्तन तथा 12 केवाईसी संबंधी आवेदन शामिल हैं। संबंधित विभाग द्वारा इन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना पीयूष सिंह ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सभी आवेदनों का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निराकरण किया जा रहा है। हितग्राहियों को आवेदन की स्थिति की जानकारी फोन के माध्यम से भी दी जा रही है ताकि प्रक्रिया अधिक जवाबदेह और प्रभावी बन सके। प्रशासन का दावा है कि शेष लंबित आवेदनों का भी जल्द निराकरण कर ग्रामीणों को राहत दी जाएगी।


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें