कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में संपन्न हु... - CG Sandesh

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में संपन्न हुआ छात्र संघ शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिकोत्सव

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में दिनांक 18/06/2026 को छात्र संघ शपथ ग्रहण समारोह एवं वार्षिकोत्सव “प्रवाह 2026” संपन्न हुआ। 

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. (कर्नल) गिरीश चंदेल, विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा अध्यक्ष, डॉ. अनुराग, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महासमुंद, रहे। माननीय कुलपति डॉ. चंदेल ने कृषि महाविद्यालयीन छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद एवं संन्निष्ठा की शपथ दिलायी। 

माननीय कुलपति ने छात्र संघ पदाधिकारियों से आव्हान किया कि वे छात्रों और ंअधिकारियों के मध्य सेतु का कार्य करते हुए छात्र हित में समर्पित भाव से कार्य करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी एवं ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करें। 

छात्र संघ शपथ ग्रहण समारोह में संस्कृति सोनी (अध्यक्ष), आदित्य चंद्राकर (उपाध्यक्ष), कृतिका ठाकुर (सचिव) तथा शालिनी रानी (सहसचिव) ने अपने पद की शपथ ली। इसके अतिरिक्त विभिन्न कक्षाओं के प्रतिनिधियों ने भी शपथ ग्रहण किया, जिनमें दिव्या साहू (बी.एससी. कृषि, चतुर्थ वर्ष), दीपक गुप्ता (बी.एससी. कृषि, तृतीय वर्ष), समीक्षा चंद्राकर (बी.एससी. कृषि, द्वितीय वर्ष) तथा अर्पित गुप्ता (बी.एससी. कृषि, प्रथम वर्ष) शामिल थे। 

अधिष्ठाता डॉ. अनुराग ने अपने स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालयीन विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमेशा सर्वोत्तम के लिए प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम से पूर्व माननीय कुलपति द्वारा महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया तथा ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। 

इसके पश्चात उन्होंने प्रक्षेत्र, मशरूम उत्पादन इकाई तथा बालक एवं बालिका छात्रावास का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित कृषि प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन के साथ आवश्यक सुझाव दिया। उन्होंने सभी प्राध्यापकों एवं सहायक प्राध्यापकों से संवाद किया तथा शिक्षा, अनुसन्धान व प्रसार गतिविधियों की जानकारी ली। 

शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत माननीय कुलपति द्वारा महाविद्यालय की तकनीकी बुलेटिनों एवं फोल्डरों का विमोचन किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने महासमुंद जिले में कृषि क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर कृषि विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया। 

उन्होंने विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास हेतु पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अध्ययन को समृद्ध बनाने के लिए इंटरनेट पर उपलब्ध ऑनलाइन पोर्टल, वेबसाइट एवं ट्यूटोरियल्स का प्रभावी उपयोग करने की सलाह दी। 

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इनमें पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ, राजस्थानी एवं दक्षिण भारतीय नृत्य, एकल, युगल एवं समूह बॉलीवुड नृत्य, गीत-संगीत, मिमिक्री तथा अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं।। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पी सी चैरसिया तथा डॉ. निर्मला भारती पटेल एवं डॉ. आदित्य सिरमौर ने आयोजन सचिव के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता एवं महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


अन्य सम्बंधित खबरें