बसना : 25 लाख रुपये की स्कॉलरशिप हासिल कर बसना के वीरेंद्र साहू ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
तहसील साहू संघ बसना एवं परीक्षेत्र साहू संघ बंसुला ने किया भव्य सम्मान
रुपानंद साव.
बसना। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना के मेधावी छात्र वीरेंद्र कुमार साहू ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा क्षेत्र गौरवान्वित है। वीरेंद्र का चयन प्रतिष्ठित अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत हुआ है, जिसके माध्यम से उन्हें आगामी चार वर्षों की उच्च शिक्षा के लिए लगभग 25 लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्राप्त होगी।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर तहसील साहू संघ बसना एवं परीक्षेत्र साहू संघ बंसुला के संयुक्त तत्वावधान में वीरेंद्र साहू का साल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे साहू समाज एवं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
जानकारी के अनुसार अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा देशभर के प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसके लिए आयोजित कठिन प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर वीरेंद्र साहू ने यह उपलब्धि हासिल की है। मजदूर परिवार से आने वाले वीरेंद्र के लिए यह छात्रवृत्ति किसी वरदान से कम नहीं है, जो उनके उच्च शिक्षा के सपनों को नई उड़ान देगी।
उल्लेखनीय है कि यह छात्रवृत्ति देश के चुनिंदा राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय विद्यालयों से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है।
21 जून को वीरेंद्र साहू उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए बेंगलुरु रवाना होंगे, जहां वे आगामी चार वर्षों तक अध्ययन कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएंगे।
सम्मान समारोह में तहसील साहू संघ बसना के संरक्षक एवं जनपद पंचायत सभापति जन्मजय साव, तहसील उपाध्यक्ष नुतन नवीन साव, बंसुला परीक्षेत्र अध्यक्ष उमेश साव, परीक्षेत्र सचिव रूपानंद साव, कृष्णा साहू, महिला उपाध्यक्ष भारती साहू, संगठन सचिव मोहिनी साव, सह सचिव ब्रजेश साहू, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष हेम प्रकाश साव, गजेंद्र साव, रोहित साव, देव साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वीरेंद्र साहू की यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और लगन से बड़ी उपलब्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। समाज ने विश्वास व्यक्त किया कि वीरेंद्र भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर समाज, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।