अकलतरा में किरायेदार सत्यापन के दौरान पंजाब का युवक गिरफ्तार... - CG Sandesh

अकलतरा में किरायेदार सत्यापन के दौरान पंजाब का युवक गिरफ्तार, विदेशी नंबरों से संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने का पुलिस का दावा

जांजगीर-चांपा : जिले के अकलतरा में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने पंजाब निवासी 23 वर्षीय सेवक सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान, सऊदी अरब सहित कई विदेशी नंबरों से संपर्क, व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल सामग्री के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। किरायेदार सत्यापन के दौरान पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध प्रतीत हुए, जिसके बाद उसके मोबाइल फोन की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान समर्थित आईएसआई (ISI) से जुड़े तत्वों के संपर्क में था। वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार संवाद कर रहा था और छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा कर रहा था।

आरोपी का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों और आरोपी की भूमिका की अंतिम पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।



अन्य सम्बंधित खबरें