रायगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रश... - CG Sandesh

रायगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की दी जा रही जानकारी

रायगढ़ : आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के सभाकक्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी राष्ट्रीय स्तर पर संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता वृद्धि करना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूत बनाना है।

इस प्रशिक्षण में कुल 12 प्रमुख बीमारियों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। इनमें क्षय रोग (टीबी), कुष्ठ रोग, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार, एचआईवी/एड्स, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रोग शामिल हैं।

विशेषज्ञों द्वारा इन बीमारियों की पहचान, रोकथाम, उपचार, मरीजों की निगरानी और शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम कड़ी के रूप में कार्य करते हैं और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें