महासमुंद में मनाया गया 12वां विश्व योग दिवस - CG Sandesh

महासमुंद में मनाया गया 12वां विश्व योग दिवस

देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं प्रेरणा से आयोजित 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर आज महासमुंद शहर स्थित इनडोर स्टेडियम (संजय कानन के सामने) में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष  चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर,पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, राज्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सामूहिक योगाभ्यास के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि दयाल दास बघेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को आज पूरी दुनिया में पहचान मिली है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए और नियमित रूप से इसका अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। श्री बघेल ने विभिन्न आसनों के माध्यम से योगाभ्यास किया तथा उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि आज गौरव का दिवस है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारत ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व योग कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही हम विकास में अग्रणी रहेंगे और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि योग सनातन परंपरा को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। योग केवल एक दिन का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।

पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि योग ऐसी विधा है जिसे कहीं भी और कभी भी किया जा सकता है। योग से मन शुद्ध एवं मजबूत होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास की सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे आज दुनिया के 177 देश अपना रहे हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया। 

इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी उपस्थित रहे।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें