CG : पूर्व प्रेमी को फंसाने के लिए युवती ने रची साजिश, फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाकर खुद भेजे अश्लील मैसेज, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती ने अपने ही परिचित युवक को फंसाने के लिए उसी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और खुद ही उसे बदनाम करने का खेल शुरू कर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए आरोपी युवती प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी संजय रात्रे ने 15 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके नाम का गलत इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी चला रहा है और उसके जरिए अश्लील व धमकीपूर्ण संदेश फैलाकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहा है।
पुलिस ने जब इस मामले की तकनीकी और साइबर जांच शुरू की, तो डिजिटल साक्ष्यों ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। जांच में पता चला कि जिस इंस्टाग्राम आईडी से अश्लील सामग्री भेजी जा रही थी, उसका संचालन कोई और नहीं बल्कि स्वयं आरोपी प्रीति सूर्यवंशी कर रही थी। इस साजिश का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह सामने आया कि आरोपी युवती ने जनवरी 2026 में खुद ही तोरवा थाने में प्रार्थी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने दावा किया था कि संजय रात्रे उसे इंस्टाग्राम के जरिए ब्लैकमेल कर रहा है। उस दौरान उसने अपने ही द्वारा भेजे गए संदेशों के स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर दिखाए थे। पुलिस की विस्तृत विवेचना में स्पष्ट हुआ कि पूर्व प्रेमी रहे प्रार्थी को फंसाने के लिए युवती ने यह पूरा जाल बुना था। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने प्रीति सूर्यवंशी को 21 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।