बिलासपुर : किसानों के मुद्दों पर गरमाई जिला पंचायत की सामान्... - CG Sandesh

बिलासपुर : किसानों के मुद्दों पर गरमाई जिला पंचायत की सामान्य सभा

बिलासपुर : जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को हंगामेदार माहौल में संपन्न हुई। बैठक में किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, डीजल संकट, बिजली व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

विपक्षी सदस्यों ने विकास कार्यों और फंड वितरण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्रशासन और सत्ता पक्ष को घेरा। मस्तूरी विधायक प्रतिनिधि संतोष दुबे ने कहा कि उनके क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज नहीं मिल रहा है, जबकि डीजल की कमी से खेती का काम प्रभावित हो रहा है।

वहीं जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के सदस्यों को 30 से 35 लाख रुपये तक का फंड दिया जा रहा है, जबकि विपक्षी सदस्यों को केवल 20 लाख रुपये ही आवंटित किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने और डीजल व बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें