12 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़ : राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को शांतिपूर्ण एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया और कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनजातीय, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उर्मिला सिंह मार्को विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आजादी के दशकों बाद भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वंचित वर्ग अपने संवैधानिक अधिकारों का पूरा लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं।
पार्टी ने वन एवं राजस्व भूमि पर वर्षों से काबिज लोगों को भू-स्वामित्व अधिकार देने, अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग की।
इसके अलावा जंगली हाथियों के हमलों से प्रभावित परिवारों को 15 लाख रुपये मुआवजा और सुरक्षित पक्के मकान उपलब्ध कराने, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का जल्द निराकरण, वनों की अवैध कटाई पर रोक और फॉरेस्ट प्लांटेशन क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
पार्टी ने महिलाओं को 33 प्रतिशत के बजाय 50 प्रतिशत आरक्षण देने, फर्जी जाति प्रमाण पत्रों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा प्रदेश के सभी कोटवारों का नियमितीकरण कर उन्हें शासकीय कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। पार्टी नेताओं ने जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।