बसना विकासखंड में 4,504 हितग्राहियों का सत्यापन अभी शेष
महतारी वंदन योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए सभी हितग्राहियों को 30 जून 2026 तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी बसना रामसिंह मिरी ने बताया कि बसना विकासखंड में महतारी वंदन योजना के कुल 59 हजार 252 हितग्राही हैं।
इनमें से 54 हजार 748 हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि अभी 4 हजार 504 हितग्राहियों का सत्यापन शेष है।विभाग द्वारा निर्धारित समय में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने सभी शेष हितग्राहियों से आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पहुंचकर जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराएं।
समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर योजना के लाभ प्रभावित हो सकते हैं। गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा मार्च 2024 से शुरू की गई महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना का उद्देश्य महिलाओं में आर्थिक असमानता को कम करना, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा परिवार में महिलाओं की निर्णय लेने की भूमिका को मजबूत करना है। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को लाभ दिया जाता है।