बसना : गढ़फूलझर में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार नवीन शिक्षासत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गढ़फूलझर विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं गुलाल लगाकर स्वागत किया गया तथा नए शिक्षा सत्र के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विद्यालय आने के प्रति उत्साह बढ़ाना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।
शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखेश्वर सिंह कंवर, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, नोडल प्राचार्य सुरेश कुमार पटेल एवं अरुण कुमार प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम के समस्त ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। ग्रामीणों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित करते हुए विद्यालय और शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक नरेंद्र कुमार पटेल, जितेंद्र कुमार भोई, रोहित कुमार साहू, कृष्ण किशोर यादव, गोकुल प्रसाद, नंदिनी भारती कुर्रे, हरिपाल मैडम, शरण कुमार दास, एफएलएन शिक्षक सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राकेश का भी सहयोग रहा।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नए शिक्षासत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक सदैव प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति सहयोग करने की अपील की।