बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, सीमेंट स्लैब से हमला... - CG Sandesh

बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, सीमेंट स्लैब से हमला कर ली जान

बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक कैदी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल के भीतर आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कुख्यात अपराधी ने पोक्सो मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी पर सीमेंट स्लैब से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना केंद्रीय जेल के ई-1 बैरक की है। मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है, जो नवंबर 2024 से पोक्सो मामले में जेल में बंद था। वहीं, आरोपी राजेश राय हत्या के कई मामलों में सजा काट रहा है।

बताया जा रहा है कि राजेश राय ने नाली का टूटा हुआ सीमेंट स्लैब उठाकर नीलू जगत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलू को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी राजेश राय पहले भी हत्या के तीन और हत्या के प्रयास के दो मामलों में आरोपी रह चुका है। वहीं, मृतक और आरोपी दोनों के मानसिक रूप से बीमार होने और उनका उपचार चलने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाली का टूटा हुआ सीमेंट स्लैब बैरक तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका इस्तेमाल हथियार के रूप में कैसे किया गया।

इस घटना ने एक बार फिर जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें