बिलासपुर : जनदर्शन में गूंजी आमजन की आवाज, शिक्षा, बिजली, आवास और पेंशन से जुड़ी समस्याएं उठीं
बिलासपुर : कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें अधिकांश मामलों पर अधिकारियों को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम चितावर के सरपंच ने मिडिल स्कूल में शिक्षकों और अध्ययन सामग्री की कमी का मुद्दा उठाया। वहीं, मस्तुरी विकासखंड के ग्राम जेवरा के ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन के लिए आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्राम मेण्ड्रा के ग्रामीणों ने क्षेत्र में बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बताते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी। बेलगहना तहसील के ग्राम करवां के एक निवासी ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण के दौरान निस्तारी मार्ग प्रभावित होने की शिकायत दर्ज कराई।
बोदरी क्षेत्र की एक महिला ने स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने की मांग की, जबकि तखतपुर के एक किसान ने एक वर्ष से लंबित सीमांकन प्रकरण के निराकरण की गुहार लगाई। एक अन्य किसान ने दो वर्षों से लंबित कृषि बिजली कनेक्शन की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी।
जनदर्शन में वृद्धावस्था पेंशन, आवास, राजस्व और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई मामले भी सामने आए। सिरगिट्टी क्षेत्र के एक वृद्ध ने रुकी हुई निराश्रित पेंशन को पुनः शुरू कराने की मांग की।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।