बसना के 102 ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्रामसभा - आवास सूची... - CG Sandesh

बसना के 102 ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्रामसभा - आवास सूची, रोजगार मिशन और विकास कार्यों पर होगी चर्चा

ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बसना अंतर्गत सभी 102 ग्राम पंचायतों में आज 24 जून को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा आश्रित ग्रामों में 25, 29 एवं 30 जून को पूर्वाह्न 10:30 बजे से ग्रामसभाएं आयोजित होंगी। 

छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक तीन माह में कम से कम एक ग्रामसभा आयोजित किया जाना अनिवार्य है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार निर्धारित तिथियों के अतिरिक्त जून एवं नवंबर माह में भी सुविधानुसार ग्रामसभा आयोजित करने का प्रावधान किया गया है। 

जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्रामसभाओं के संचालन हेतु जनपद पंचायत द्वारा सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी, उप अभियंता और तकनीकी सहायकों को प्रभारी अधिकारी तथा कार्यवाही संचालन के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

जहां इस विशेष ग्रामसभा में पूर्व बैठकों में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन संबंधी पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा तथा पंचायतों के विगत तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत कार्यों के नाम, प्राप्त राशि, स्वीकृत राशि, व्यय राशि एवं कार्यों की अद्यतन स्थिति का वाचन किया जाएगा।

ग्रामसभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत प्राप्त प्रणाली जनित स्थायी प्रतीक्षा सूची का अवलोकन एवं वाचन किया जाएगा। दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार प्राथमिकता सूची तैयार कर दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी तथा अनुमोदन के बाद निर्धारित प्रक्रिया अनुसार सूची को आवास सॉफ्टवेयर में दर्ज किया जाएगा।

प्रदेश में जून 2026 से लागू विकसित भारत रोजगार एवं वीबी राम जी आजीविका मिशन ग्रामीण के प्रचार-प्रसार हेतु योजना की जानकारी साझा करते हुए इसके क्रियान्वयन पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में कर अधिरोपण एवं संग्रहण व्यवस्था को ऑनलाइन बनाने के लिए समर्थ पंचायत पोर्टल के उपयोग, वर्तमान वित्तीय वर्ष के कर दर निर्धारण संबंधी प्रस्ताव, पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) 2.0 के परिणामों का प्रदर्शन, सड़कों पर मवेशियों की समस्या तथा टीवी मुक्त भारत अभियान सहित कुल 17 बिंदुओं में आवश्यक चर्चा के अलावा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य विषय भी ग्रामसभा के एजेंडे में शामिल किए जाएंगे।।

ग्रामसभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग कर उसे ग्रामसभा निर्णय मोबाइल अनुप्रयोग में अपलोड किया जाएगा। वहीं कार्यवाही विवरण तैयार करने के लिए पंचायत राज मंत्रालय के सभासार एआई आधारित पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिह ठाकुर ने ग्रामीणों से ग्रामसभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ग्राम विकास योजनाओं में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आवाहन किया।


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें