रायगढ़ : पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, न्यायिक रि... - CG Sandesh

रायगढ़ : पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़ : धरमजयगढ़ पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति श्यामलाल मंझवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर लोहे की हथौड़ी से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका मेहतरीन बाई मंझवार की मर्ग डायरी थाना चक्रधरनगर से प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका के माता-पिता, सास, पार्षद और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।

जांच में पता चला कि 17 जून 2026 की सुबह इलाज के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 20 जून को उसकी मौत हो गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला संबंधी गंभीर अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें