बसना : मितानिनों की सक्रिय भागीदारी से गांव-गांव पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं- डॉ. आई नागेश्वर राव
गांव-गांव तक प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसना में एक दिवसीय मितानिन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर टीबी, कुष्ठ, एनसीडी, पल्स पोलियो तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया गया। महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में विकासखंड बसना, पिथौरा एवं सरायपाली के ब्लॉक समन्वयक, स्वस्थ पंचायत समन्वयक, मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिन हेल्प डेस्क के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने के लिए संवाद, अनुभव साझा करने एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को रोगों की समय पर पहचान, समुदाय आधारित निगरानी, पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य योजनाओं की पहुंच, टीकाकरण की निरंतरता तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार हेतु कार्ययोजना से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मितानिनों की भूमिका को केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं बल्कि समुदाय और स्वास्थ्य तंत्र के बीच मजबूत सेतु के रूप में रेखांकित किया गया। साथ ही जनजागरूकता, नियमित फॉलोअप और सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव ने कहा कि मितानिन स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला हैं, जिनकी सक्रिय भूमिका से स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वीपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सफलता के लिए समुदाय आधारित कार्य और सतत निगरानी आवश्यक है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकुशलता बढ़ती है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होता है। वहीं बसना खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू ने कहा कि जनजागरूकता और मितानिनों की सक्रिय भागीदारी से स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।