बसना : मोको कहां ढूंढे बंदे, मैं तो तेरे पास.. कबीर वाणी से ... - CG Sandesh

बसना : मोको कहां ढूंढे बंदे, मैं तो तेरे पास.. कबीर वाणी से गुंजायमान हुआ आमापाली, श्रद्धा और समरसता के साथ मनाया गया 629वां प्राकट्य महोत्सव

मोको कहां ढूंढे बंदे, मैं तो तेरे पास… जैसे चेतना, आत्मबोध और मानवता का संदेश देने वाले संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब के 629वें प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर बसना विकासखंड के ग्राम आमापाली में एक दिवसीय संत समागम, संगीतमय ग्रंथ प्रवचन एवं सात्विक आरती चौका कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से आयोजित किया गया। पूरे दिन गांव कबीर वाणी, भजन और सत्संग से गुंजायमान रहा तथा परिवार, गांव, क्षेत्र और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। 

कार्यक्रम का आयोजन मानिकपुरी पनका समाज परिक्षेत्र बरोली द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाज एवं ग्रामीणों ने संत, महंत और दिवानों के सानिध्य में गाजे-बाजे के साथ भव्य सद्भावना यात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सद्गुरु कबीर की साखियां, दोहे, गीत और जयघोष करते हुए सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण का संदेश देते रहे। गांव और आसपास के लोगों ने अपने घरों के सामने रंगोली सजाकर यात्रियों एवं सद्गुरु कबीर साहेब की प्रतीक शोभायात्रा का स्वागत किया तथा अमीन माताओं ने मंगल आरती कर श्रीफल अर्पित किए। 

कार्यक्रम में श्री संतवाणी भजन एवं संगीतमय ग्रंथ मंडली द्वारा परमेश्वरी महंत बिलासपुर, मोतीदास कुटेला, एवं टीकाकार तुलसीदास गिरसा ने कबीर साहेब के सिद्धांतों और जीवन संदेशों को भजनों एवं प्रवचनों के माध्यम से प्रस्तुत किया। सारे तीर्थ धाम आपके चरणों में…, हे सद्गुरु देव प्रणाम आपके चरणों में…, चलो बुलावा आया है, साहेब ने बुलाया है…जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मानिकपुरी पनका समाज के जिलाध्यक्ष सेवकदास दिवान, ब्लॉक अध्यक्ष बसना अश्विनी दास, ब्लॉक अध्यक्ष सरायपाली तुलसीदास महंत एवं परिक्षेत्र अध्यक्ष रूपानंद दास उपस्थित रहे। 

अपने उद्बोधन में जिलाध्यक्ष सेवकदास दिवान ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब विश्वगुरु, सामाजिक चेतना के अग्रदूत और मानवता के सशक्त प्रवक्ता थे। उनकी वाणी ने समाज में समरसता, समानता और नवजागरण की चेतना जगाई। उनके विचार आज भी समाज को सत्य, सदाचार और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। 

उन्होंने सभी से सद्गुरु के पदचिह्नों पर चलते हुए प्रतिदिन संध्या आरती और सदाचारपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया। वहीं परिक्षेत्र अध्यक्ष रूपानंद दास ने कहा कि कबीर साहेब का संदेश केवल किसी एक समाज के लिए नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए है। 

उनके विचार प्रेम, समानता और आत्मचिंतन के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। सात्विक आरती चौका कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, अमीन माताओं एवं अतिथियों ने महंत महेश दास एवं दिवान रमेश दास साहेब का आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धापूर्वक नारियल भेंट किया और बंदगी की। 

सैकड़ों कबीरपंथियों ने सामूहिक चौका आरती में भाग लेकर आध्यात्मिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का मानिकपुरी पनका समाज द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक सचिव आनंददास, उपाध्यक्ष गुणसागर दास, सभापति दिलीप दास, सचिव अनिल दास, कोषाध्यक्ष संतोष दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें