महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 51 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 30.60 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाए जा रहे 51 किलो गांजा को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 51 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 25 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर वाहन में सवार एक आरोपी जंगल की ओर भाग निकला, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी उत्तरप्रदेश के मैनपुरी जिले का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन समेत कुल 30 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक जिले में गांजा तस्करी के कई मामलों का खुलासा किया जा चुका है। लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त कर अनेक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।