महासमुंद: पीकाडली कंपनी के बाहर स्थानीय मजदूरों का प्रदर्शन,... - CG Sandesh

महासमुंद: पीकाडली कंपनी के बाहर स्थानीय मजदूरों का प्रदर्शन, रोजगार में भेदभाव का लगाया आरोप

महासमुंद : जिले के अछोली ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित शराब निर्माता कंपनी पीकाडली के मुख्य गेट के बाहर शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूरों ने प्रदर्शन किया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मजदूर कंपनी के बाहर धरने पर बैठ गए और स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और मजदूरों का आरोप है कि कंपनी में स्थानीय कामगारों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय युवाओं और मजदूरों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही, जबकि बाहरी लोगों को बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं।

मजदूरों ने आरोप लगाया कि उनसे जोखिम भरे और निम्न स्तर के कार्य कराए जाते हैं। साथ ही समय पर वेतन नहीं मिलने, वेतन रोकने तथा नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि छत्तीसगढ़ी कामगारों का ताने मारकर उपहास किया जाता है, जिससे उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती है।

धरने पर बैठे मजदूरों ने कंपनी से श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने और कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार करने की मांग की है।

फिलहाल कंपनी के मुख्य गेट के बाहर मजदूरों का प्रदर्शन जारी है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। हालांकि, मजदूरों द्वारा लगाए गए आरोपों पर कंपनी का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है।


अन्य सम्बंधित खबरें