रायगढ़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, महापौर ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
रायगढ़ : राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 के तहत रायगढ़ जिले में रविवार को अभियान का शुभारंभ किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभाठा, संजय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्री लाल साहू ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि पोलियो मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
सभापति डिग्री लाल साहू ने भी लोगों से आग्रह किया कि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे और सभी बच्चे पोलियो रोधी वैक्सीन की खुराक अवश्य लें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि 28 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन जिले में बनाए गए 1,307 पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानु पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।